प्राइम टुडे न्यूज़ 5 मार्च 2026 कनाडा के विंडसर शहर में जालंधर मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या से भारतीय समुदाय में सनसनी फैल गई है। अज्ञात हमलावर ने उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कनाडाई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि विंडसर के टॉड लेन इलाके में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल पर उनके घर के अंदर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन चिकित्सा सेवा की टीम रात करीब साढ़े नौ बजे टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में पहुंची। मौके पर गंभीर रूप से घायल नैन्सी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।बुधवार शाम को कनाडा पुलिस के अधिकारी माइकल पियर्स ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह गंभीर आपराधिक मामला है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए जांच एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।घटना के बाद पुलिस ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच के क्षेत्र को सील कर दिया। घर के बाहर सीढ़ियों और रास्ते से मिले सबूतों को चिन्हित कर जांच की जा रही है। इसके अलावा करीब एक किलोमीटर दूर हर्ब ग्रे पार्कवे के पास एक जंगली इलाके को भी पुलिस ने घेराबंदी कर जांच के दायरे में लिया है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो फुटेज हो तो वह पुलिस को उपलब्ध कराएं।
नैन्सी ग्रेवाल जालंधर की रहने वाली थीं और पिछले कुछ समय से कनाडा में रहकर सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। वह एक यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में जानी जाती थीं तथा कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखती थीं। बताया जा रहा है कि वह खालिस्तान समर्थक गतिविधियों की आलोचना करती थीं और डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर ढिल्लों पर भी कई बार सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर चुकी थीं। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
कनाडा के विंडसर में जालंधर मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या, घर में घुसकर चाकू से किया हमला
Listen to News
Click play to hear this story
