हरियाणा 11 मार्च 2026 ( प्राइम टुडे न्यूज़ ) हरियाणा में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था तकनीकी खामियों के कारण पूरी तरह प्रभावित हो गई है। प्रदेश के करीब 9300 राशन डिपो पर लगी पुरानी बायोमीट्रिक मशीनों के सर्वर बंद होने से लगभग 1.59 करोड़ लाभार्थियों को मार्च महीने का राशन अब तक नहीं मिल पाया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और वे बार-बार राशन डिपो के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
दरअसल, राशन वितरण के लिए इस्तेमाल हो रही पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें 2जी नेटवर्क पर आधारित हैं, जबकि देश 5जी तकनीक की ओर बढ़ चुका है। धीमे नेटवर्क, सॉफ्टवेयर अपडेट की दिक्कत और बैटरी खराब होने जैसी समस्याओं के कारण डिपो होल्डरों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। आमतौर पर हर महीने एक से तीन तारीख के बीच राशन वितरण पूरा हो जाता था, लेकिन इस बार 10 मार्च तक भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।सिरसा के कालांवाली निवासी नाजर सिंह का कहना है कि पहले हर महीने तय समय पर राशन मिल जाता था, लेकिन इस बार 10 तारीख तक भी सरकारी दुकान से राशन नहीं मिला। लोग कई बार डिपो पर जा चुके हैं, लेकिन डिपो होल्डर मशीन का सर्वर बंद होने की बात कहकर इंतजार करने को कह रहे हैं।प्रदेश में ये पीओएस मशीनें वर्ष 2017 में ऑनलाइन राशन वितरण प्रणाली के तहत लागू की गई थीं। नवंबर 2016 में इनके ट्रायल के बाद जून 2017 से इन्हें पूरी तरह लागू किया गया। इन मशीनों का मासिक किराया लगभग 1250 रुपये है, लेकिन इनमें केवल बायोमीट्रिक सुविधा ही उपलब्ध है, जिससे कई तकनीकी सीमाएं सामने आ रही हैं।
ऑल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि मशीनों के कंडम होने और सर्वर समस्या के कारण पूरे प्रदेश में राशन वितरण प्रभावित है। कई जगह लाभार्थी डिपो होल्डरों से उलझ रहे हैं, जबकि समस्या तकनीकी है।प्रदेश सरकार का कहना है कि समस्या को जल्द दूर किया जाएगा। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री के अनुसार डिपो होल्डरों को लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 10 हजार नई 5जी आधारित पीओएस मशीनें देने के लिए टेंडर जारी किया गया है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सकेगा।
तकनीकी खामी से हरियाणा में राशन वितरण ठप, 1.59 करोड़ लाभार्थी मार्च के राशन से वंचित
Listen to News
Click play to hear this story
