हरियाणा 5 मार्च 2026( प्राइम टुडे न्यूज़ ) हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में नामांकन का आज आखिरी दिन रहा। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय भाटिया और कांग्रेस के उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। संजय भाटिया के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे और उन्होंने पार्टी प्रत्याशी का समर्थन किया।
वहीं सतीश नांदल ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। उनके साथ विधायक सावित्री जिंदल, देवेंद्र कादियान और राजेश जून भी पहुंचे। नामांकन के बाद सतीश नांदल ने कहा कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और सभी दलों के विधायकों से समर्थन मांगेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, इनेलो और भाजपा के विधायक उनके भाई हैं और उनसे वोट देने की अपील करेंगे।भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया का राजनीतिक सफर भी काफी चर्चा में रहा है। पानीपत जिले में जन्मे भाटिया कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट हैं और भाजपा के महामंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ते हुए बड़ा रिकॉर्ड बनाया था। भाटिया ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार कुलदीप शर्मा को 6.54 लाख वोटों के भारी अंतर से हराकर प्रदेश के 53 साल के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 9,09,432 वोट मिले थे।दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को संगठन के भीतर एक संतुलित और सर्वस्वीकार्य चेहरा माना जाता है। बताया जा रहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उनके नाम का सुझाव दिया था। अंबाला के मुलाना विधानसभा क्षेत्र से रहने वाले कर्मवीर सिंह बौद्ध प्रशासकीय अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। वे ‘संविधान बचाओ अभियान’ में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और एससी समुदाय से आने के कारण सामाजिक संतुलन के नजरिये से भी महत्वपूर्ण दावेदार माने जा रहे हैं।
हरियाणा राज्यसभा चुनाव संजय भाटिया और कर्मवीर सिंह बौद्ध ने भरा नामांकन, सतीश नांदल निर्दलीय मैदान में
Listen to News
Click play to hear this story
