पंजाब 28 फरवरी 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 28 फरवरी: साहिबजादा अजीत सिंह नगर पुलिस ने 28 जनवरी को जिला प्रशासनिक परिसर मोहाली के बाहर पेशी पर आए गुरविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले दो शूटरों में से एक मुख्य आरोपी गौरव उर्फ बावा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे पनाह देने के आरोप में उसके बड़े भाई प्रिंस को भी गिरफ्तार किया है, जो फिरोजपुर सिटी थाने में दर्ज एक हत्या मामले में भगोड़ा चल रहा था।एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि इससे पहले बलतेज सिंह उर्फ बंटी निवासी जिला फरीदकोट (गिरफ्तारी 02-02-2026) और मंगत सिंह उर्फ मैक्स निवासी जिला फाजिल्का (गिरफ्तारी 03-02-2026) को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फरार दूसरे शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को अमरदीप कौर के बयान पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना सोहाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक गुरविंदर सिंह अपनी पेशी भुगतकर कार के पास पहुंचे ही थे कि दो हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।जांच के दौरान गौरव उर्फ बावा (उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी फिरोजपुर) को मोगा जिले से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पिछले 3-4 महीनों से विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ तथा उसके साथियों के संपर्क में था और एक अन्य मुख्य आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल हथियारों के संबंध में पूछताछ जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Punjab
BREAKING
मोहाली में पेशी पर आए गुरविंदर सिंह की हत्या मामले में एक शूटर गिरफ्तार, भाई भी पनाह देने के आरोप में काबू
Listen to News
Click play to hear this story
