चंडीगढ़ 2 मार्च 2026( प्राइम टुडे न्यूज़) Chandigarh के सेक्टर-34 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल में सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड का भी उल्लेख किया गया था, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए।सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर भेजा गया। दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया और एहतियातन परिसरों को अस्थायी रूप से खाली करा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की गई, जिससे कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की साइबर सेल ने धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों की करतूत माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है।फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
चंडीगढ़ में पासपोर्ट कार्यालय और बस स्टैंड को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
Listen to News
Click play to hear this story
