चंडीगढ़ 5 मार्च 2026( प्राइम टुडे न्यूज़ ) होली के दिन चंडीगढ़ में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की हत्या हो जाने से शहर में सनसनी फैल गई। रंगों के त्योहार के बीच हुई इन वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।पहला मामला मक्खन माजरा इलाके का है, जहां 21 वर्षीय अंकित की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अंकित मूल रूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला था और चंडीगढ़ में मजदूरी करता था। परिवार के अनुसार घर में उसकी बहन की शादी तय थी और वह शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। होली के दिन अंकित अपने दोस्तों के साथ रंग खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवकों—अरविंद, बॉबी, सचिन, करण और उनके साथियों—ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक युवक ने अंकित पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुनील कुमार ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है।
दूसरी घटना में सड़क से गुजर रहे दो युवकों को एक पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। जब दोनों युवकों ने चालक से बहस की तो वाहन में मौजूद लोगों ने उन्हें जबरन अंदर खींच लिया। एक युवक मौके से किसी तरह भाग निकला, जबकि दूसरे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और आरोपी शव फेंककर फरार हो गए।
तीसरी घटना में भी मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। लगातार तीन हत्याओं के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
चंडीगढ़ में होली पर खूनी वारदात तीन युवकों की अलग-अलग घटनाओं में हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
Listen to News
Click play to hear this story
