पंजाब 3 मार्च 2026( प्राइम टुडे न्यूज़ ) फेज-3बी2 मार्केट स्थित एटीएम बूथ में डेबिट कार्ड बदलकर 45 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। हालांकि पीड़ित युवक की सतर्कता और साहस के चलते आरोपी को कुछ दिनों बाद उसी एटीएम के बाहर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।थाना पुलिस को दी शिकायत में 23 वर्षीय अमन कुमार ने बताया कि उसने अपने एक दोस्त से उधार पैसे लिए थे। दोस्त ने अपने पिता का डेबिट कार्ड और पिन उसे दे दिया। अमन जब एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा तो एक अज्ञात युवक भी केबिन में आ गया और बातचीत के बहाने उसे उलझाने लगा। इसी दौरान अमन के मोबाइल पर कॉल आ गई। उसने पांच हजार रुपये निकाले और बाहर निकलने लगा। इसी बीच आरोपी ने चालाकी से उसका डेबिट कार्ड बदल दिया, जिसकी भनक तक नहीं लगी।करीब 20 मिनट बाद अमन के दोस्त ने फोन कर बताया कि उसके पिता के खाते से 45 हजार रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया है। कार्ड की जांच करने पर पता चला कि वह किसी अन्य व्यक्ति का कार्ड है। तुरंत बैंक को सूचना देकर कार्ड ब्लॉक कराया गया।ठगी का एहसास होने पर अमन ने हिम्मत नहीं हारी और रोजाना उसी एटीएम के बाहर निगरानी करने लगा। कुछ दिन बाद उसने संदिग्ध युवक को दोबारा देखा और पहचान पक्की होने पर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विदांश को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से एटीएम इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की अपील की है।
एटीएम में कार्ड बदलकर 45 हजार की ठगी, युवक ने हिम्मत दिखाकर आरोपी को दबोचा
Listen to News
Click play to hear this story
